Delhi Meerut Expressway: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। दरअसल दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में बताया गया है दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर चल रहे मेंटेनेंस काम की वजह से आने वाले दिनों में ट्रैफिक प्रभावित रहने के आसार है, खासतौर से शाम के वक्त यहां ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
दिल्ली ट्रैफिर पुलिस के मुताबिक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की तरफ से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NEP-03) पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है, अभी यह काम एक कैरिजवे पर चलाया जा रहा है। लेकिन आगे दोनों तरफ काम की योजना है। यह काम 30 जून 2026 तक जारी रहेगा। ऐसे में इस रूट पर लेन बंद होने और ट्रैफिक धीमा रहने की संभावना जताई गई है।
यात्री इस समय का रखें ध्यान
मरम्मत काम के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद और मेरठ की तरफ जाने वाला रास्ता सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा। शाम के वक्त यानी 5 बजे से रात 11 बजे के बीच यहां ट्रैफिक जाम और गाड़ियों के धीमी गति से चलने की समस्या देखने को मिल सकती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह देते हुए कहा है कि वह वैकल्पिक मार्ग अपनाएं. NH-09 (पहले NH-24) से सफर कर सकते हैं, ताकि जाम से छुटकारा मिल सके।
ट्रैफिक पुलिस ने की अपील
ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों से अपील करते हुए कहा गया है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना जरूर बना लें। संभव हो तो पीक आवर्स में इस रूट पर जाने से बचना चाहिए, और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल जरूर कर लें। इसके अलावा अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए एक्स्ट्रा समय लेकर चलें। पुलिसकर्मियों के निर्देशों का भी पालन जरूर करें।









