Logo
Delhi Murder Case: दिल्ली के पुल प्रहलादपुर में शख्स ने सिलेंडर से सिर पर वार करके अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Delhi Murder Case: दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर एक शख्स ने अपनी पत्नी के सिर पर LPG के छोटे सिलेंडर से सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था। मामले के बारे में पता लगने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूनम के तौर पर हुई है। आरोपी पति का नाम 35 वर्षीय सुरेश बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका अपने पति और दो मासूम बच्चियों जिनकी उम्र 2 और 4 साल है, इनके साथ प्रहलादपुर स्थित डीडीए फ्लैट में रहती थी। आरोपी पति के प्राइवेट कंपनी में काम करता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि  पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे, जिसकी मुख्य वजह पारिवारिक मतभेद बताया जा रहा है।

दोनों के बीच हुई थी कहासुनी

पुलिस का कहना है कि 29 मार्च को  बीती रात करीब साढ़े 9 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर सुरेश ने घर में रखा छोटा LPG सिलेंडर उठाकर पूनम के सिर पर कई बार वार कर दिए। जिसकी वजह से पूनम का सिर बुरी तरह फट गया, जिसके चलते वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर गई।

शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद घायल पूनम को  तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार 

मामले के बारे में पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने पड़ोसियों के बयान के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के समय वह शराब के नशे में था या नहीं। पुलिस ने मामले की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी है, वहीं बच्चों की देखभाल के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल अन्य पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, वहीं आरोपी पति से भी पूछताछ की जाएगी। 

7