दिल्ली पुलिस ने बवाना गोलीबारी में गोगी गैंग से जुड़े रवि भारद्वाज की हत्या के मामले में दो वांछित शूटरों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी मुठभेड़ में घायल हुए हैं, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस और बदमाशों के बीच इस मुठभेड़ के दौरान करीब एक दर्जन गोलियां चलीं, जिससे पूरा इलाका गूंज उठा।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के हवाले से बताया गया है कि शूटर कुणाल और विशाल को मुठभेड़ के बाद अरेस्ट किया गया है। शूटरों ने पिछले सप्ताह बवाना के हरेवली गांव में गोगी गैंग से जुड़े रवि भारद्वाज के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी थी। इस गोलीबारी में एक नाबालिग समेत तीन अन्य लोग भी घायल हुए थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्या शूटर बिट्टू भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
दिल्ली पुलिस ने इस गैंगवार में टिल्लू ताजपुरिया गैंग के मुख्य शूटर आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी को भी गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस को यह सफलता बिहार पुलिस के संयुक्त अभियान के चलते मिली है। आकाश उर्फ बिट्टू को बिहार के बेगूसराय से पकड़ा है। 20 वर्षीय शूटर आकाश दिल्ली के नांगल ठकरान का रहने वाला है।










