Malviya Nagar Racist Incident: दिल्ली के मालवीय नगर से बीते दिनों अरुणाचल प्रदेश की 3 महिलाओं के साथ नस्लीय टिप्पणी और उत्पीड़न का मामला सामने आया था। यहां एक कपल ने तीनों महिलाओं को 'मोमो' और धंधे वाली जैसे शब्द कहकर उनका अपमान किया था। इस पूरी घटना का एक वीडियों भी सामने आया था। अब इस मामले को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की प्रतिक्रिया सामने आई है, एक वीडियो के माध्यम से उन्होंने कहा है कि उत्तर-पूर्व के लोगों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा सीएम ने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश शेयर करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, ' मालवीय नगर में हमारी नॉर्थ-ईस्ट की बहनों के साथ जो बदसलूकी हुई, वह मेरे संज्ञान में आई है। दिल्ली देश की राजधानी है और यहाँ देश के हर कोने से आए लोगों का समान अधिकार है। नॉर्थ-ईस्ट के भाई-बहन अपनी मेहनत से दिल्ली की तरक्की में योगदान देते हैं, उनके साथ ऐसा व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं है।' मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि वह जल्द ही पीड़ित महिलाओं से मिलेंगी और दिल्ली में रह रहे उत्तर-पूर्व के दूसरे लोगों की समस्याओं को सुनकर नीतिगत समाधान निकालेंगी।
क्या है पूरा मामला ?
बता दें कि मालवीय नगर में 20 फरवरी को एक फ्लैट में किराए पर रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की 3 महिलाओं का उनके पड़ोसियों हर्ष सिंह और रूबी जैन के साथ मरम्मत के कार्य को लेकर विवाद हो गया था। इस मामले में पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया था कि उन पर आरोपी कपल ने नस्लीय फब्तियां कसीं और उन्हें "धंधेवाली" (सेक्स वर्कर) कहकर अपमानित किया।
इस घटना के 5 दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम यानी SC/ST एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं। बता दें ति मामले की जांच अब एक एसीपी (ACP) रैंक के अधिकारी द्वारा की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरी प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।