उत्तरी गोवा के मापुसा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 65 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी को फ्रैक्चर हुआ है। हादसे की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
उत्तरी गोवा के मापुसा के सब डिविजल पुलिस ऑफिसर विल्सन डिसूजा ने बताया कि यह हादसा 23 फरवरी को हुआ है। आरोपी का नाम शौर्य गोयल है, जिसकी उम्र 19 वर्ष है और दिल्ली के हौज खास का रहने वाला है। जांच से पता चला कि वह महिंद्रा थार से मापुसा से अंजुना जा रहा था। इस दौरान उसके वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। वह वाहन चलाते समय सावधानी नहीं बरत रहा था। उसने एक कार को देखा, लेकिन अपने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास नहीं किया। नतीजन, दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि कार में चार लोग सवार थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां मध्य प्रदेश निवासी 65 वर्षीय भगत राम शर्मा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं मृतक की पत्नी को भी फ्रैक्चर आया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। वह पुलिस जांच में सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन साल के बच्चे को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम की सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। वहीं, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
गुरुग्राम पुलिस ने 6396 वाहनों के काटे चालान
यातायात नियमों के उल्लंघन की वजह से सड़क हादसे होते हैं। ऐसे में दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 1 फरवरी से लेकर 23 फरवरी के बीच गलत दिशा में दौड़ने वाले 6396 वाहनों के चालान काटे गए हैं। इन वाहन चालकों पर 38.11 लाख रुपये की जुर्माना राशि लगाई गई है। पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।









