Logo
कांग्रेस नेता द्वारा होली के बहिष्कार के ऐलान पर BJP प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस को ‘सनातन विरोधी’ बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी और सार्वजनिक माफी की मांग की।

रायपुर। होली के बहिष्कार के बयान को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गर्मा गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि, कांग्रेस का ‘सनातन विरोधी’ चेहरा एक बार फिर सामने आ गया है। उन्होंने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष द्वारा होली के बहिष्कार की घोषणा को हिंदू आस्था का अपमान बताया है।

कांग्रेस के बयान को बताया ‘हिंदू विरोधी मानसिकता’
अमित चिमनानी ने कहा कि भारत में होली केवल आनंद का त्योहार नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा से जुड़ा त्योहार है। ऐसे में कांग्रेस के जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा बहिष्कार की घोषणा करना सीधे-सीधे हिंदू मान्यताओं का अपमान है। उन्होंने इसे कांग्रेस की “सोची-समझी हिंदू विरोधी मानसिकता” बताया।

‘त्योहारों को राजनीति से जोड़ना गलत’- चिमनानी
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद पूरे वर्ष चलते रहते हैं, लेकिन उन्हें हिंदू त्योहारों और धर्म से जोड़ना अनुचित है। उनका कहना था कि कांग्रेस लगातार सनातन संस्कृति को निशाना बनाकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस सार्वजनिक रूप से माफी मांगे- BJP की मांग
चिमनानी ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस को अपने इस “आपत्तिजनक कृत्य” के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस अपनी “तुष्टीकरण की राजनीति” और “हिंदू विरोधी सोच” से बाज नहीं आई, तो जनता आने वाले समय में उसे कड़ा जवाब देगी।

राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल
होली जैसे प्रमुख सांस्कृतिक उत्सव पर बयानबाजी से प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा जहां इसे आस्था पर हमला बता रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

5379487