कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना थाना सिमगा क्षेत्र के दरचुरा ग्राम के पास सुबह लगभग 11 बजे हुई।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रही आरबीएस कंपनी की एक यात्री बस दरचुरा गांव के पास सवारी बैठाने के लिए धीमी हुई थी। उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक (क्रमांक MH 37 T 1821) के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बस को जोरदार टक्कर मार दी।
रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यात्री बस को ट्रेलर ने टक्कर मार दी है। इस हादसे में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई है। @RaipurDistrict @BilaspurDist #RoadAccident #TruckDriver #ChhattisgarhNews #CGNews pic.twitter.com/I68qxLcKDW
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 6, 2026
मच गई अफरा-तफरी
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और करीब दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालकर पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
बलौदा बाजार- क्रेन की मदद से बस को रास्ते से हटाकर रायपुर बिलासपुर नेशनल हाईवे में आवागमन सुचारू रूप से चालू कराया गया। @RaipurDistrict @BilaspurDist #RoadAccident #TruckDriver #ChhattisgarhNews #CGNews pic.twitter.com/YplGfu3Byj
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 6, 2026
14 घायलों का इलाज सिमगा में, 4 भेजे गए रायपुर
घटना में घायल 22 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चार लोगों (एक पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्ची) की मौत हो गई। वहीं एक अज्ञात 18 वर्षीय महिला की मौत रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में हुई। इस तरह मृतकों की कुल संख्या 5 हो गई है। फिलहाल 14 घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा में जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने घायलों एवं मृतकों की सूची जारी की है-

जशपुर में यात्री बस पलटी
उधर आज ही जशपुर जिले से भी सड़क हादसे की खबर मिली है। करडेगा से कुनकुरी जा रही एक यात्री बस दुलदुला क्षेत्र के गोडाअम्बा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए हैं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चार की मौके पर मौत
मिली जानकारी के अनुसार, बस में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। बस के पलटने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद सेे घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
पुलिस कर रही जांच
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही दुलदुला थाना और करडेगा पुलिस चौकी की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।









