संजय यादव - कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से सक्रिय लुटेरा गिरोह ‘छल्ला गैंग’ का खुलासा किया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गैंग पर राहगीरों, व्यापारियों और बाहरी लोगों को धमकाकर लूटपाट करने के कई मामले दर्ज थे।
छल्ला गैंग का नेटवर्क कैसे था तैयार?
कुकदुर थाना क्षेत्र के रहने वाले सभी आरोपी कई महीनों से सुनसान और अंधेरे रास्तों पर राहगीरों को रोककर लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। शिकायतें बढ़ने के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर इन पर नजर रखी और सभी को दबिश देकर गिरफ्तार किया।
कवर्धा के कुकदुर क्षेत्र में पुलिस ने ‘छल्ला गैंग’ का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को पकड़ा। आरोपी महीनों से राहगीरों और कारोबारियों से लूट की वारदातें कर रहे थे। SP ने बताया कैसे देते थे वारदात को अंजाम। @KabirdhamDist #Chhattisgarh #KabirdhamPolice pic.twitter.com/hrrWCYF1Cz
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 2, 2026
लूट में इस्तेमाल औजार और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने गिरोह के पास से नगदी रकम, लूट में उपयोग किए जाने वाले टूल्स और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। ये गैंग अपने आप को ‘छल्ला’ नाम से पहचानते थे और इसी नाम से इलाके में दहशत फैलाते थे।
SP धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताए चौंकाने वाले तथ्य
जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि, कुकदुर बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहां आरोपी सुनसान रास्तों पर राहगीरों को धमकाकर लूटते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कई लोगों के हाथ-पैर तक तोड़ दिए थे, जिससे लोग आतंक में थे।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि, पूछताछ जारी है और इस गैंग से जुड़े अन्य बड़े खुलासे भी सामने आ सकते हैं।








