Logo
बलौदा बाजार में होली को शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस ने पूरे जिले को 3 सेक्टरों में विभाजित कर 400 जवान, 60+ पेट्रोलिंग यूनिट और नाकाबंदी प्वाइंट तैनात किए हैं।

कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। होली पर्व के दौरान जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले को तीन अनुविभागीय सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा योजना लागू की गई है। होलिका दहन 2 मार्च और रंगों की होली 4 मार्च को मनाई जाएगी।

जिला तीन सेक्टरों में विभाजित- वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बलौदा बाजार जिले को तीन सेक्टरों में बांटा गया है-

  • बलौदाबाजार सेक्टर: एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय
  • भाटापारा सेक्टर: एसडीओपी तारेश साहू
  • कसडोल सेक्टर: डीएसपी कौशल किशोर वासनिक

इन अधिकारियों के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है।

यातायात व्यवस्था के लिए सख्त नाकेबंदी
डीएसपी यातायात संजय साहू के मार्गदर्शन में जिले में 6 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए गए हैं। तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, तीन सवारी, और हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने त्योहार के दौरान यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया है।

पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती
जिले में कुल 22 चारपहिया पेट्रोलिंग पार्टियां और 38 बाइक पार्टियां लगातार गश्त कर रही हैं।
इसके अलावा, 18 संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट तैनात किए गए हैं।
कुल 400 पुलिस जवान जिले भर में ड्यूटी पर लगाए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पुलिस के सहयोग की अपील
होली से पहले सभी थाना-चौकियों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों और नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बल को ब्रीफिंग देते हुए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

5379487