Logo
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर कबीरधाम जिले की बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मांगें रखीं। 

महेश मिश्रा- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा रविवार को नागपुर पहुंचे। जहां उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर कबीरधाम जिले की बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कवर्धा जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4-लेन बायपास निर्माण तथा चिल्फी (धवईपानी) से सिमगा तक एनएच 30 के लगभग 122 किलोमीटर लंबे सेक्शन को 4-लेन में उन्नयन की स्वीकृति देने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने इन मांगो को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है।

 उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से कहा कि हाल ही में एनएच-30 पर जबलपुर-मंडला-चिल्फी सेक्शन (लगभग 160 कि.मी.) के 4 लेन स्वीकृति की घोषणा की गई है, जिस पर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। यह मार्ग आगे जाकर एनएच-30 पर एनएचडीपी- IV योजनांतर्गत क्षेत्र कवर्धा के महत्वपूर्ण स्थान चिल्फी को रायपुर से 2 पार्ट में - म.प्र. सीमा धवईपानी चिल्फी से कवर्धा तक - 10 मीटर चौड़ाई में डामरीकृत तथा कवर्धा गुरूनाला से सिमगा तक 10 मीटर चौड़ाई में डामरीकृत कांक्रीट 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर सड़क के माध्यम से जोड़ता है। वर्तमान में चिल्फी से रायपुर मार्ग पर व्यावसायिक एवं भारी वाहनों का अत्यधिक आवागमन होता है। जबलपुर-मंडला-चिल्फी के 4 लेन बन जाने पर इसके यातायात का दबाव भी आगे जाकर 2-लेन सड़क पर आयेगा। अतः अनुरोध है कि लोक सुरक्षा तथा व्यावसायिक महत्व को देखते हुए चिल्फी (धवईपानी) से सिमगा (रायपुर) तक के एनएच -30 सेक्शन (लगभग 122 कि.मी.) को भी 4 लेन सड़क में उन्नयन किये जाने की स्वीकृति प्रदान करने का कष्ट करेंगे, ताकि जबलपुर से रायपुर तक सीधे 4-लेन की सुविधा आमजनों को मिल सके। 

Deputy CM Vijay Sharma meeting Union Road Transport Minister Nitin Gadkari
केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करते डिप्टी सीएम विजय शर्मा 

लोकहित के लिए अंतर्राज्यीय सड़क जरुरी 
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आगे कहा कि जबलपुर से रायपुर के मध्य एनएच-30 पर जिला कबीरधाम मुख्यालय स्थित है। यह अंतर्राज्यीय सड़क व्यावसायिक-सामाजिक एवं राजनीतिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिस पर भारी वाहनों का आवागमन लगातार होते रहता है। लोकहित एवं जनसुरक्षा के दृष्टिगत भारी यातायात को मुख्य मार्ग से डायवर्ट करने के लिए कवर्धा बायपास का निर्माण किया जाना अत्यंत आवश्यक है। अतः अनुरोध है कि कवर्धा बायपास 4 लेन मय पेव्हड शोल्डर की स्वीकृति प्रदान करने का कष्ट करेंगे।

यातायात का दबाव होगा कम  
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति से एनएच 30 में यातायात का दबाव कम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबलपुर से रायपुर तक निर्बाध 4-लेन यात्रा संभव होगी तथा कवर्धा में बायपास निर्माण से एनएच 30 के भारी यातायात के दबाव से कवर्धा शहर को राहत मिलेगी।

5379487