Logo
धरसींवा के ‘शीतल बाड़ी’ में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

हेमंत वर्मा- धरसींवा। विधानसभा मार्ग स्थित 'शीतल बाड़ी' में सोमवार को फागुन की ऐसी मस्ती चढ़ी कि, राजनीति के दिग्गज और कला जगत के सितारे एक ही रंग में रंगे नजर आए। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा द्वारा आयोजित इस भव्य 'होली मिलन समारोह' में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिनका स्वागत पारंपरिक नगाड़ों और फाग गीतों के साथ किया गया। 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री खुशवंत गुरु साहेब, आधा दर्जन विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं संग गुलाल खेलकर प्रदेश की खुशहाली की कामना की, वहीं फिल्म स्टार व विधायक अनुज शर्मा भी ढोलक की थाप पर थिरकते नजर आए। छॉलीवुड कलाकारों की मौजूदगी और फाग गीतों की गूंज के बीच राजनीति की गंभीरता की जगह आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

1यह रही समारोह की खास बात
समारोह की सबसे खास बात छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छॉलीवुड) के दिग्गजों का जमावड़ा रही। अनुज शर्मा, जो स्वयं प्रदेश के एक बड़े कलाकार हैं, उनके बुलावे पर फिल्मी जगत के कई नामचीन चेहरे शीतल बाड़ी पहुँचे। कलाकारों ने जब फाग गीतों की तान छेड़ी, तो मुख्यमंत्री भी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने कलाकारों की हौसला अफजाई की। फागुन की मस्ती ऐसी थी कि विधायक अनुज शर्मा भी अपने चिर-परिचित अंदाज में ढोलक की थाप पर थिरकते और फाग गाते नजर आए। कार्यकर्ताओं के लिए यह दुर्लभ क्षण था, जब उन्होंने अपने मुख्यमंत्री और लोकप्रिय विधायक को पूरी सादगी के साथ आम जनता के बीच रंग-गुलाल लगाते देखा।

आपसी मतभेदों को भुलाकर प्रेम की राह पर चलने का संदेश देता है- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संबोधित करते हुए कहा कि, अनुज शर्मा ने राजनीति और कला का जो सामंजस्य यहाँ पेश किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि होली का यह पर्व आपसी मतभेदों को भुलाकर प्रेम की राह पर चलने का संदेश देता है और आज शीतल बाड़ी में वही प्रेम और भाईचारा दिखाई दे रहा है। आज हमारे अनुज शर्मा जी के आयोजन शीतल बाड़ी में आकर मन प्रसन्न हो गया। 

1छॉलीवुड के कलाकारों की रही मौजूदगी
सीएम साय ने आगे कहा कि, यहाँ राजनीति की गंभीरता नहीं, बल्कि फागुन का पवित्र उल्लास दिखाई दे रहा है। हमारे अनुज जी जितने ऊर्जावान विधायक हैं, उतने ही जमीन से जुड़े कलाकार भी हैं। आज छॉलीवुड के कलाकारों की मौजूदगी ने इस उत्सव को और भी गरिमामय बना दिया है। होली का यह पर्व हम सभी के जीवन में खुशहाली और एकता का रंग भरे, यही मेरी कामना है। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।"

फाग के गीतों और गुलाल के बीच जो एकता दिखी है उससे अभिभूत हूँ- विधायक अनुज
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मेरे लिए आज का दिन अत्यंत गौरवशाली है कि हमारे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री आदरणीय विष्णु देव साय जी और मंत्री खुशवंत गुरु साहेब सहित साथी विधायक गण सहित पंचायत के जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने शीतल बाड़ी आकर इस होली मिलन समारोह की शोभा बढ़ाई। मेरा प्रयास हमेशा से अपनी संस्कृति और अपनी मिट्टी के लोगों को जोड़े रखने का रहा है। 

अनुज शर्मा ने सीएम साय का आभार व्यक्त किया
विधायक अनुज ने आगे कहा कि, आज यहाँ फाग के गीतों और गुलाल के बीच जो एकता दिखी है, वही हमारी असली ताकत है। मैं अपने कलाकार साथियों और भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं का हृदय से आभारी हूँ, जिन्होंने इस उत्सव को यादगार बनाया। विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, यह आयोजन धरसींवा के कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता के प्रति उनके स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि, फागुन के ये रंग राज्य की प्रगति और खुशहाली के प्रतीक हैं। 
 

5379487