अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विवेकानंद कॉलोनी स्थित एक किराये के मकान से 24 किलो गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने पूरे पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया। मामले में तपकरा थाने में पदस्थ दो आरक्षकों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
दरअसल कोतवाली थाना जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि, विवेकानंद कॉलोनी के एक किराये के घर में गांजा डंप कर रखा गया है। पुलिस टीम ने दबिश देकर मौके से 24 किलो गांजा बरामद किया और दो युवक- सुनील भगत और रवि विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी में दो आरक्षक भी शामिल
पूछताछ के दौरान आरोपी सुनील भगत ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि, गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में पुलिस विभाग के दो आरक्षक भी शामिल हैं। जांच में तपकरा थाने में पदस्थ आरक्षक धीरेन्द्र मधुकर और अमित त्रिपाठी का नाम सामने आया।
सबूत मिलने के बाद आरक्षकों को किया गया गिरफ्तार
पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरक्षकों को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सुनील भगत और रवि विश्वकर्मा को पहले ही जेल भेजा जा चुका था, जबकि दोनों आरक्षकों को भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।










