Logo
भाजपा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल को राज्यसभा भेजने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा के लिए तैयार पैनल सूची में उनका नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। होली के रंगों के बीच छत्तीसगढ़ की सियासत में बड़ा राजनीतिक रंग घुलता नजर आ रहा है। खबर है कि भाजपा अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल को राज्यसभा भेजने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा के लिए तैयार पैनल सूची में उनका नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है।

चर्चा यह भी है कि भाजपा से नाराज़ चल रहे अग्रवाल के नाम को आगे बढ़ाने में पवन साय की अनुशंसा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की भूमिका अहम रही है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रह चुके गौरी शंकर अग्रवाल संगठन और रणनीति दोनों में मजबूत पकड़ रखते हैं। रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ तक उनका प्रभाव माना जाता है। पार्टी के भीतर उन्हें एक अनुभवी रणनीतिकार के रूप में देखा जाता है। जिस तरह रायपुर दक्षिण से बृजमोहन अग्रवाल को लोकसभा भेजा गया, उसी तर्ज पर अब गौरी शंकर अग्रवाल को राज्यसभा में भेजने की रणनीति पर काम होता दिख रहा है।

10 फरवरी से पहले नाम की घोषणा संभव
बताया जा रहा है कि 10 फरवरी से पहले नाम की घोषणा संभव है। फिलहाल अग्रवाल होली के अवसर पर अवकाश में हैं और स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी दूरी बनाए हुए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि होली के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकती है और जल्द ही इस नाम पर आधिकारिक मुहर लग सकती है।

5379487