कुश अग्रवाल-बलौदाबाजार। होली पर्व के अवसर पर इस वर्ष जिले में शराब की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आबकारी विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार होली के आसपास के दिनों में जिले में कुल 6,20,91,450 रुपये की मदिरा बिक्री हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है।
आंकड़ों के अनुसार विगत वर्ष होली पर्व पर 5,60,12,050 रुपये की शराब बिक्री हुई थी। वहीं इस वर्ष देशी मदिरा से 2,80,96,940 रुपये तथा विदेशी मदिरा से 3,39,94,510 रुपये की बिक्री दर्ज की गई है। इस तरह कुल बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 10.85 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

सुवारू रूप से चलती रही शराब की बिक्री
होली के त्योहार को लेकर जिले के बाजारों में जहां रंग-गुलाल, पिचकारी और मिठाइयों की खरीदारी में तेजी देखी गई, वहीं मदिरा दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ रही। कई दुकानों पर होली की पूर्व संध्या तक देर रात तक लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार त्योहार को देखते हुए जिले की सभी मदिरा दुकानों की लगातार निगरानी की गई और प्रत्येक दुकान पर पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध कराया गया, ताकि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति न बने और बिक्री सुचारू रूप से संचालित होती रहे।
पलारी की शराब दुकान से सबसे ज्यादा बिक्री
जिले में सबसे अधिक बिक्री विदेशी मदिरा दुकान पलारी में दर्ज की गई है। इस दुकान से 58,54,630 रुपये की मदिरा बिक्री हुई, जो होली पर्व के दौरान जिले में सबसे ज्यादा बिक्री करने वाली दुकान रही। आबकारी विभाग का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सभी दुकानों का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया गया, जिससे न केवल व्यवस्था बनी रही बल्कि राजस्व में भी वृद्धि दर्ज की गई है।










