कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संयुक्त जिला कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी श्री शर्मा इससे पूर्व रजिस्ट्रार सहकारी संस्थाएं, कलेक्टर बालोद एवं कलेक्टर कोरिया के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पदभार ग्रहण के अवसर पर जिला अधिकारियों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री शर्मा ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की स्थिति, धान उठाव की प्रगति तथा लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।
पर्यटन विकास पर दिया विशेष ध्यान
श्री शर्मा ने आगे कहा कि, स्वास्थ्य, पेयजल और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिला औद्योगिक क्षेत्र में आता है। इसलिए स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने हेतु कार्ययोजना बनाकर काम किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के वन क्षेत्र की संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन विकास पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।