Logo
बलौदा बाजार आगजनी मामले के ट्रायल शुरू होते ही सियासी बयानबाज़ी तेज, देवेंद्र यादव ने पुलिस और सरकार पर लगाया निष्पक्ष जांच न होने का आरोप।

कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। बहुचर्चित आगजनी हिंसा मामले में कोर्ट में ट्रायल की औपचारिक शुरुआत होते ही राजनीतिक वातावरण एक बार फिर गर्म हो गया है। पेशी के दौरान सत्र न्यायालय पहुंचे देवेंद्र यादव ने मीडिया से बात करते हुए पुलिस और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

विधायक यादव के आरोपों से बढ़ी हलचल
आज पेशी के दौरान मीडिया से बातचीत में विधायक ने कहा कि, बलौदा बाजार पुलिस सरकार के इशारों पर काम कर रही है। उनका आरोप है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं की गई और कई निर्दोष लोगों को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि अदालत पर पूरा भरोसा है और जेल में बंद निर्दोष लोगों को न्याय मिलेगा। यादव का कहना था कि जैसे-जैसे न्यायालय में सच्चाई सामने आएगी, स्पष्ट हो जाएगा कि किन लोगों को गलत तरीके से फंसाया गया।

राजनीतिक साजिश के सवाल पर मिला टालने वाला जवाब
जब उनसे पूछा गया कि, क्या उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश रची गई है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जो हो गया सो हो गया और इस पर ज्यादा बात नहीं करनी चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी, तब इस मामले की नई जांच कराई जाएगी, जिससे साफ हो जाएगा कि सच्चाई क्या थी, गलती किसकी थी और किसने गलत जांच की।

मामले में दर्ज है अपराध क्रमांक 386/2024
आगजनी हिंसा से जुड़े इस प्रकरण में विधायक देवेंद्र यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 386/2024 दर्ज है। ट्रायल की शुरुआत के साथ ही यह मामला फिर से राजनीतिक रंग लेता दिखाई दे रहा है, और अब पूरे प्रदेश की निगाहें अदालत की आगामी कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।

5379487