कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदा बाजार कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम करमदा में देर रात असामाजिक तत्वों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़ कर सिर को अलग कर दूर फेंक दिया। घटना की खबर लगते ही ग्रामीण असामाजिक तत्वों के खिलाफ काफी आक्रोशित हो गये।
उधर घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई जिसके बाद कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों को आरोपियों की शीघ्र ही खोज खबर की बात व कड़ी कार्यवाही की बात कहते हुए ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
पुलिस की पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
बता दें कि, होली पर्व के दिन एक तरफ होलिका दहन का आयोजन था वहीं दूसरी तरफ महात्मा गांधी की प्रतिमा से छेड़छाड़ कहीं न कहीं शांत माहौल को अशांत करने का प्रयास था। कहीं न कहीं यह होली त्योहार पर पुलिस की पेट्रोलिंग व सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल गांव में शांति
फिलहाल पुलिस ने गांव के माहौल को शांत किया है पर यदि शीघ्र ही आरोपी को पकड़ने और कार्यवाही करने के बाद ही ग्रामीणों का ग़ुस्सा शांत होगा। फिलहाल ग्रामीणों ने खंडित मूर्ति को सुरक्षित रखवा दिया है वहीं ग्रामीण सूत्र बता रहे हैं कि जल्द ही प्रशासन गांधी जी की नई मूर्ति स्थापित करवायेगा।