Patna NEET Student Death Case: पटना के हॉस्टल में हुई नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामले की जांच अब दिल्ली सीबीआई की निगरानी में होगी। एसीबी दिल्ली के एसपी ने पटना में डेरा डाल दिया है।

Patna NEET Student Death Case: पटना के एक हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गरमाता जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस संवेदनशील केस की जांच अब सीधे दिल्ली सीबीआई (CBI) की निगरानी में होगी। सीबीआई एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) दिल्ली के एसपी ने पटना में कैंप कर लिया है और वे खुद इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

जांच टीम में हुआ बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
शुरुआत में इस केस की जिम्मेदारी बिहार पुलिस के पास थी, जिसे बाद में सीबीआई को सौंप दिया गया। पहले एएसपी पवन श्रीवास्तव इस कांड के जांच पदाधिकारी थे, लेकिन अब कमान विभा कुमारी को सौंप दी गई है। हालांकि ग्राउंड लेवल पर टीम वही है, लेकिन अब उनके हर कदम की समीक्षा दिल्ली से आए एसीबी के एसपी करेंगे।

कोर्ट की फटकार के बाद बढ़ी सक्रियता
माना जा रहा है कि कोर्ट में जांच की सुस्त रफ्तार को लेकर सीबीआई को मिली कड़ी फटकार के बाद यह कदम उठाया गया है। दिल्ली के बड़े अधिकारियों को निगरानी में लगाने का मकसद साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करना और जांच में आ रही अड़चनों को दूर करना है। अब सीबीआई की कोशिश है कि इस गुत्थी को जल्द से जल्द सुलझाया जाए।