Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले से पुलिस प्रशासन को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ दलसिंहसराय थाने में हिरासत में ली गई एक महिला बंदी देर रात पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। इस घटना के बाद पूरे जिले के पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि केवटा गांव की रितु कुमारी द्वारा दर्ज कराए गए एक मामले में पूछताछ के लिए उमेश राय की पत्नी को थाने लाया गया था।
जवानों को आई नींद और बंदी हुई फरार
हैरानी की बात यह है कि आरोपी महिला को महिला पुलिसकर्मियों की सख्त निगरानी में रखा गया था। सूत्रों के अनुसार, देर रात ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी सो गईं, जिसका फायदा उठाकर बंदी महिला चुपचाप थाने से निकल भागी। जब पुलिसकर्मियों की आंख खुली, तब तक महिला काफी दूर निकल चुकी थी। थाने में अफरातफरी का माहौल है और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
नियमों की अनदेखी पर उठे गंभीर सवाल
इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, महिला बंदी को सुरक्षित 'महिला हाजत' में रखने के बजाय पुलिस बैरक में रखा गया था, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में इस तरह की चूक पुलिस की गंभीरता पर सवालिया निशान लगाती है।
दोषियों पर गिरेगी गाज, सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इधर, फरार महिला की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।










