मिचेल स्टार्क ने चोट को लेकर आलोचना करने वालों को करारा जवाब दिया है। वो कंधे और कोहनी की चोट के कारण आईपीएल 2026 के शुरुआती मैच मिस कर सकते हैं।

नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहने को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब दिया है। स्टार्क ने भारतीय मीडिया और कुछ क्रिकेट एक्सपर्ट्स पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी चोट को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही और लोग उनके शरीर को उनसे ज्यादा समझने का दावा कर रहे।

स्टार्क ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी करते हुए साफ किया कि वह कंधे और कोहनी की चोट से जूझ रहे। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई समर के दौरान उन्हें इस चोट की गंभीरता का अंदाजा नहीं था और अब वह रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'कुछ लोग अपने प्लेटफॉर्म के जरिए मेरे आईपीएल में खेलने को लेकर गलत राय दे रहे हैं। वे इसे तथ्य की तरह पेश कर रहे हैं और ऐसा दिखा रहे हैं जैसे उन्हें मेरे शरीर की मुझसे ज्यादा जानकारी हो।'

स्टार्क ने ट्रोल्स पर साधा निशाना
स्टार्क ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए शुरुआती मुकाबले मिस करने पर भी खेद जताया। उन्होंने कहा कि चोट के कारण टीम की तैयारी प्रभावित हुई है। इसके लिए वह फ्रेंचाइजी और फैंस से माफी मांगते हैं। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि वह कितने मैचों से बाहर रहेंगे, लेकिन टीम से लगातार संपर्क में हैं और जल्द वापसी की कोशिश कर रहे।

एलिसा हीली ने किया पति स्टार्क का बचाव
इस पूरे विवाद के बीच उनकी पत्नी और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की पूर्व कप्तान एलिसा हीली भी उनके समर्थन में उतरी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्टार्क का बचाव किया और आलोचनाओं को गलत बताया।

आकाश चोपड़ा ने स्टार्क की गैरहाजिरी पर उठाए थे सवाल
दरअसल, स्टार्क की गैरहाजिरी को लेकर भारत में कई पूर्व क्रिकेटरों ने सवाल उठाए थे। खासकर पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने कहा था कि स्टार्क पूरी तरह फिट हैं और उन्होंने पिछले दो महीनों में क्या किया, यह साफ नहीं है। वहीं सुनील गावस्कर ने बिना नाम लिए कहा था कि जो खिलाड़ी बिना चोट के आईपीएल मिस करते हैं, वे लीग की मेहमाननवाजी को हल्के में ले रहे।

इस विवाद को और बढ़ाने में दिल्ली कैपिटल्स और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से साफ जानकारी न मिलना भी एक बड़ा कारण रहा। दिल्ली कैपिटल्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में केवल इतना कहा था कि स्टार्क को अभी तक नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट नहीं मिला है। वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की रिपोर्ट्स में कहा गया कि व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल के चलते स्टार्क को शुरुआती मैचों से दूर रखा जा रहा है।

अब खुद स्टार्क के बयान के बाद तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है कि वह चोट के कारण बाहर हैं। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए स्टार्क की मौजूदगी काफी अहम मानी जा रही है, ऐसे में टीम और फैंस दोनों उनकी जल्द वापसी का इंतजार कर रहे।