इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के ओपनिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोरऔर सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जिसने मैच का रोमांच और बढ़ा दिया।
दरअसल, 14वें ओवर में हेनरिक क्लासेन के आउट दिए जाने के फैसले पर सवाल उठने लगे। रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर क्लासेन ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बाउंड्री तक नहीं पहुंच सकी। बाउंड्री पर मौजूद Phil Salt ने गिरते हुए शानदार कैच पकड़ लिया।
मामला तब गरमा गया जब थर्ड अंपायर रोहन पंडित ने इस कैच को ‘आउट’ करार दे दिया। टीवी रीप्ले के एक एंगल में साफ दिख रहा था कि कैच लेते समय सॉल्ट का पैर बाउंड्री रोप को छूता नजर आ रहा था। नियमों के अनुसार, अगर फील्डर का शरीर या पैर बाउंड्री से संपर्क में हो, तो कैच अमान्य माना जाता है।
फैसला आते ही क्लासेन हैरान और नाराज़ दिखे। मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने चौथे अंपायर से बातचीत कर अपनी नाराज़गी जाहिर की। सोशल मीडिया पर भी इस फैसले को लेकर बहस छिड़ गई, जहां फैंस इसे अंपायरिंग की बड़ी गलती बता रहे हैं।
मैच की स्थिति पर नजर डालें तो शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन और क्लासेन के बीच 97 रन की अहम साझेदारी ने SRH की पारी को संभाला था। ऐसे में यह विवादित फैसला मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है, जिसने हैदराबाद की रफ्तार को झटका दिया।









