Raghuram Rajan Interview: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने स्पष्ट किया है कि मेरा पॉलिटिक्स में आने का कोई इरादा नहीं है। हाल ही में एक इंटरव्यू में रघुराम राजन ने कहा कि उनकी फैमिली नहीं चाहती कि वह राजनीति में आएं। राजन ने कहा कि वह अर्थशास्त्री हैं और यही काम वे बेहतर तरीके से कर सकते हैं। RBI के पूर्व गवर्नर ने कहा कि मेरी पत्नी और परिवार हमेशा मुझे राजनीति से दूर रहने की सलाह देते हैं।
राहुल गांधी की जमकर की तारीफ, बताया हिम्मती इंसान
रघुराम राजन ने राहुल गांधी की तारीफ की। रघुराम राजन ने कहा कि राहुल गांधी एक स्मार्ट और समझदार इंसान हैं। रघुराम राजन ने कहा कि राहुल गांधी में सोचने और नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है। राजन ने कहा कि राहुल गांधी एक बहादुर नेता हैं। राहुल गांधी एक ऐसे शख्स हैं जिनकी दादी और पिता की हत्या हो चुकी है, फिर भी उन्होंने राजनीति में बने रहने की हिम्मत दिखाई है। अगर उनकी जगह पर कोई दूसरा नेता होता ताे अपने बिस्तर के नीचे जाकर छुप जाता लेकिन राजनीति में आने की हिम्मत नहीं करता।
जब भी जरूरत होती है सरकारी नीतियों पर देता हूं विचार
राजन ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि सरकार की नीतियां गलत दिशा में जा रही हैं, तो वह उसके बारे में बात करते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह सरकार का हिस्सा हैं या नहीं। उनका मकसद सही नीतियों को सामने लाना है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल का हिस्सा न हों। अर्थशास्त्र के मुद्दे पर रघुराम राजन ने कहा कि मुझे लगता है कि आने वाला साल मौजूदा साल से ज्यादा कठिन रहने वाला है। इस साल हुए कई देशों के बीच युद्ध से ऐसा हो सकता है। दुनिया भर में ग्रोथ कम होने वाला है क्योंकि लोग आम तौर पर इंटरेस्ट रेट बढ़ा रहे हैं।
रघुराम राजन के कांग्रेस जॉइन करने की थी अटकलें
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले इस बात काे लेकर अटकलें तेज थी कि रघुराम राजन कांग्रेस या महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (MVA) में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही यह भी कहा जा रहा था कि रघुराम राजन को राज्यसभा में भेजा जा सकता है। हालांकि, अब रघुराम राजन ने खुद ही इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। अर्थशास्त्री ने कहा कि उनका परिवार कुछ अच्छे कारणों से यह नहीं चाहता कि मैं कभी भी राजनीति में आऊं।
मोदी सरकार के आलोचक माने जाते हैं रघुराम
रघुराम राजन को नरेंद्र मोदी सरकार के आलोचक के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कई बार सरकार की पीएलए स्कीम और चिप इंडस्ट्री में भारी निवेश की आलोचना की है। राजन ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी हिस्सा लिया था। जिसके बाद से उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें बढ़ गई थीं। भाजपा ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि रघुराम राजन अगला मनमोहन सिंह बनने की कोशिश में लगे हैं।










