Assam Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार, 30 मार्च को असम के बीजेपी कार्यकर्ताओं से संवाद किया किया। उन्होंने कहा कि राज्य में बीजेपी-एनडीए की हैट्रिक के लिए हर कार्यकर्ता जी-तोड़ मेहनत कर रहा है। पीएम ने कहा कि असम में गठबंधन को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है, लेकिन चुनाव जीतने के लिए 'बूथ शक्ति' को और मजबूत करना अनिवार्य है।
अस्थिरता के दौर को न भूलें
राज्य के राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी के सत्ता में आने से पहले असम ने अस्थिरता का लंबा दौर देखा है। उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं (First-time voters) से अपील की कि वे कांग्रेस शासन के दौरान की अव्यवस्था को याद रखें। पीएम ने चेतावनी दी कि एक छोटी सी चूक असम को फिर से दशकों पीछे धकेल सकती है।
AI से बने फर्जी वीडियो से रहें सावधान
चुनाव के इस मौसम में पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को एक नई चुनौती- AI-जनित फर्जी वीडियो (AI-generated fake videos) के प्रति आगाह किया। उन्होंने कहा कि तकनीक का गलत इस्तेमाल कर भ्रामक खबरें फैलाई जा सकती हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया बाधित हो सकती है। पीएम ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जनता को ऐसी साजिशों के प्रति जागरूक करें।
नितिन नबीन ने कहा- फिर बनेगी बीजेपी सरकार
इससे पहले रविवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक चुनावी रैली में दावा किया कि असम में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकारों पर विकास के बजाय वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता अब उस "काले अध्याय" को दोबारा नहीं दोहराएगी।
असम में कब है चुनाव?
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा। चुनावों के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। बता दें कि 2023 में हुए परिसीमन (Delimitation) के बाद यह राज्य का पहला विधानसभा चुनाव है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।