Logo
Andhra Pradesh Accident News: आंध्र प्रदेश के मारकापुरम में एक बस और बजरी लदे टिप्पर की भीषण टक्कर के बाद आग लग गई। इस हादसे में 8 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई है, जबकि 18 अन्य घायल हैं।

Andhra Pradesh Bus Fire: आंध्र प्रदेश के मारकापुरम जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रायवरम के पास एक यात्री बस और बजरी से लदे टिप्पर ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। पुलिस के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 8 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई है।

आग की लपटों में घिरी बस
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार टिप्पर और बस आपस में टकरा गए। टक्कर होते ही ईंधन टैंक फटने से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई और 8 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

18 यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मारकापुरम के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) नागराजू ने बताया कि अब तक 18 घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

राहत और बचाव कार्य जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करना और मृतकों की पहचान करना है। घटनास्थल पर मलबे को हटाने और पूरी जानकारी जुटाने का काम जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना किस वजह से हुई।

7