Logo
Dhurandhar 2: The Revenge का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। रणवीर सिंह का ‘बीस्ट मोड’, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल के दमदार रोल को लेकर X पर फैंस जबरदस्त रिएक्शन दे रहे हैं।

Dhurandhar 2 Trailer X Reaction: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर रिलीज होने के महज दो घंटे बाद इसे यूट्यूब पर 3 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।  X पर भी चारों तरफ लोग ट्रेलर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ₹2000 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है। ट्रेलर को मिल रहे शानदार रिएक्शन को देखकर साफ है कि ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें अब काफी बढ़ गई हैं।

रणवीर सिंह का ‘बीस्ट मोड’

ट्रेलर में रणवीर सिंह का बेहद खतरनाक अंदाज देखने को मिला है। पहले पार्ट में रहमान डकैत को खत्म करने के बाद इस बार उनका किरदार ल्यारी के नए बादशाह ‘शेर-ए-बालोच’ के रूप में सामने आता है। फिल्म में रणवीर, हमजा अली मजारी और जसकिरत सिंह रंगी के किरदारों में नजर आएंगे। ट्रेलर में उनका एक्शन और गुस्से से भरा अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।

X पर फैंस ने की जमकर तारीफ

ट्रेलर सामने आते ही X पर फैंस के रिएक्शन की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “धुरंधर: द रिवेंज का ट्रेलर साबित करता है कि रणवीर सिंह इंटेंसिटी के किंग हैं। संजय दत्त की एंट्री भी जबरदस्त है। यह फिल्म रिकॉर्ड तोड़ सकती है।”

वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “ट्रेलर पूरी तरह फायर है। रणवीर सिंह छा गए हैं, संजय दत्त का अंदाज शानदार है और अर्जुन रामपाल भी दमदार लग रहे हैं।”

कई लोगों ने तो यहां तक लिख दिया कि “2000 करोड़ की फिल्म रास्ते में है।”

संजय दत्त और अर्जुन रामपाल भी छाए

Dhurandhar 2 Trailer
Dhurandhar 2 Trailer

फिल्म में संजय दत्त (Sanjay Dutt) एसपी चौधरी असलम के किरदार में नजर आएंगे, जिनकी डायलॉग डिलीवरी की काफी तारीफ हो रही है। वहीं अर्जुन रामपाल (Arjun Rampal) ISI मेजर इकबाल के रोल में खतरनाक विलेन के रूप में दिखाई देंगे। इसके अलावा आर माधवन (R. Madhavan) भी अजय सन्याल के किरदार में नजर आएंगे, जो कहानी में अहम भूमिका निभाते दिख रहे हैं।

यह भी पढ़े - Dhurandhar 2 Trailer Release: 'धुरंधर द रिवेंज' का ट्रेलर जारी, रहमान के बाद हमज़ा बनेगा ल्यारी का बदशाह?

दमदार डायलॉग वायरल

ट्रेलर में एक डायलॉग सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है  “पाकिस्तान का मुस्तकबिल अब हिंदुस्तान तय करेगा।” इस डायलॉग ने फिल्म के देशभक्ति वाले एंगल को और मजबूत बना दिया है।

ट्रेलर ने बढ़ाई फैंस की एक्साइटमेंट 

करीब 3 मिनट 25 सेकेंड लंबे ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, ट्विस्ट और इमोशनल ड्रामा देखने को मिला है। खास बात यह है कि निर्देशक आदित्य धर ने ट्रेलर में कहानी का ज्यादा खुलासा नहीं किया, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।

19 मार्च को रिलीज होगी फिल्म

‘धुरंधर’ का पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर बड़ा हिट साबित हुआ था और दुनिया भर में 1000 करोड़ से ज्यादा कमाई की थी। अब इसका सीक्वल 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है।

यह भी पढ़े -  8 घंटे शिफ्ट की डिमांड पर अब करीना कपूर और अनन्या पांडे ने दिया बड़ा बयान, दीपिका के लिए कही ये बात

5379487