Mumbai: वरिष्ठ फिल्ममेकर एम.एम. बेग का बुधवार को निधन हो गया। मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स में उनके आवास पर फिल्ममेकर को मृ पाया गया। उनकी उम्र 76 साल थी और वह हिंदी सिनेमा में अपने योगदान और लोकप्रिय बाल कलाकार बेबी गुड्डू के पिता के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अभिनेता ऋतिक रोशन ने भी उन्हें याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी।
'मैं खो गया था, आपने रास्ता दिखाया'- भावुक हुए ऋतिक
ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह अपने करियर की शुरुआत में एम.एम. बेग के मार्गदर्शन के लिए हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि बेग साहब ने उनकी स्पीच और डिलीवरी में आत्मविश्वास भरने में अहम भूमिका निभाई।
ऋतिक ने लिखा, “मेरे प्रिय बेगजी, एक अभिनेता के रूप में मेरी यात्रा की शुरुआत में आप वही शिक्षक थे, जिसकी मुझे जरूरत थी। आपने मेरी झिझक दूर की, मेरी कमजोरियों को ताकत में बदला और मुझे आत्मविश्वास दिया। मैं 18 साल की उम्र में खुद को खोया हुआ महसूस करता था, आपने मुझे मेरा रास्ता दिखाया। आज भी मैं आपके सिखाए सबक का अभ्यास करता हूं।”
My dear Baigji, I will forever be grateful to you for being the teacher I so needed at the start of my journey as an actor. You helped me gain confidence over my speech and delivery ... you were instrumental in shaping the actor in me. For helping me overcome my shyness , at the…
— Hrithik Roshan (@iHrithik) February 21, 2026
उन्होंने आगे लिखा, “रेस्ट इन पीस, मेरे शिक्षक एम.एम. बेग। बेग परिवार के लिए मेरी प्रार्थनाएं।”
करियर की शुरुआत में मिला था साथ
बेग का राकेश रोशन के साथ गहरा संबंध था। उन्होंने ऋतिक के डेब्यू से पहले ही उन्हें डिक्शन, वॉइस मॉड्यूलेशन और संवाद अदायगी की ट्रेनिंग दी थी। यह सब उस समय हुआ जब ऋतिक अपनी पहली फिल्म 'कहो ना प्यार है' की तैयारी कर रहे थे।
एम.एम. बेग ने राकेश रोशन की कई फिल्मों में सहायक निर्देशक के रूप में भी काम किया था। इंडस्ट्री में उन्हें एक अनुभवी और सुलझे हुए फिल्मकार के तौर पर सम्मान मिला।








