Jeep SUV: जीप के रैंगलर विलिस '41 स्पेशल एडिशन, 1941 की प्रतिष्ठित Willys MB को श्रद्धांजलि दी गई है। इस गाड़ी ने दूसरे विश्व युद्ध में अहम भूमिका निभाई थी। यह एडिशन रैंगलर के टॉप-स्पेक रुबिकॉन वेरिएंट पर बेस्ड है।

Jeep SUV: अमेरिकी एसयूवी निर्माता जीप इंडिया (Jeep India) ने भारतीय बाजार में अपनी खास एडिशन एसयूवी Jeep Wrangler Willys '41 Special Edition को दोबारा लॉन्च किया है। पहली बार इसे मई 2025 में 30 यूनिट्स की सीमित संख्या में 73.15 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर पेश किया गया था। अब कंपनी ने इसे नए अवतार में 70.31 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर उतारा है। इस बार देशभर में इसकी केवल 41 यूनिट्स ही उपलब्ध होंगी। आइए, जानते हैं पूरी डिटेल... 

ऐतिहासिक विरासत को सलाम
रैंगलर विलिस '41 स्पेशल एडिशन, 1941 की प्रतिष्ठित Willys MB को श्रद्धांजलि देती है, जिसने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अहम भूमिका निभाई थी। इसी विरासत को दर्शाने के लिए इस एसयूवी को खास ‘41 ग्रीन’ पेंट स्कीम में पेश किया गया है। इसके बोनट पर ‘1941’ का डीकल इसे स्टैंडर्ड रैंगलर मॉडल से अलग पहचान देता है। यह एडिशन रैंगलर के टॉप-स्पेक रुबिकॉन वेरिएंट पर आधारित है, जिससे इसकी ऑफ-रोडिंग क्षमता पहले जैसी ही दमदार बनी रहती है।

स्टैंडर्ड और ऑप्शनल एक्सेसरीज

  • इस स्पेशल एडिशन में करीब 2 लाख रुपये की स्टैंडर्ड एक्सेसरीज शामिल हैं। इनमें पावर साइड स्टेप्स, अतिरिक्त इंटीरियर ग्रैब हैंडल, ऑल-वेदर फ्लोर मैट्स और फ्रंट व रियर डैशकैम दिए गए हैं।
  • इसके अलावा ग्राहक 3.60 लाख रुपये का ऑप्शनल एक्सेसरी पैक भी चुन सकते हैं, जिसमें इंटीग्रेटेड साइड लैडर वाला रूफ कैरियर और सनराइजर रूफटॉप शामिल है। खास बात यह है कि यह पैकेज पिछले साल के मुकाबले लगभग 1 लाख रुपए सस्ता है।

इंजन और परफॉर्मेंस
मैकेनिकल तौर पर इस एसयूवी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें 2.0-लीटर, चार-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है। साथ ही फोर-व्हील ड्राइव सिस्टम, लॉकिंग डिफरेंशियल और लो-रेंज गियरिंग जैसी ऑफ-रोडिंग खूबियां भी बरकरार हैं।

(मंजू कुमारी)