Iran Attack On Kuwait: खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। ईरान ने कुवैत के एक बिजली और पानी के प्लांट को निशाना बनाते हुए हमला किया, जिसमें एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई। इस हमले ने पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।
कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, यह हमला रविवार शाम को हुआ। हमले में प्लांट के भीतर मौजूद एक सर्विस बिल्डिंग को भारी नुकसान पहुंचा। इसी दौरान वहां काम कर रहे एक भारतीय कर्मचारी की जान चली गई।
मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात ने इस घटना को कुवैत के खिलाफ ईरान की आक्रामक कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला सीधे तौर पर देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किया गया।
लगातार हमलों से बढ़ा खतरा
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने खुलासा किया है कि पिछले एक महीने में देश पर 300 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें, कई क्रूज मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन हमले हो चुके हैं। यह आंकड़ा दिखाता है कि क्षेत्र में हालात कितने गंभीर हो चुके हैं।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सिर्फ पिछले 24 घंटों में ही 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 12 ड्रोन को मार गिराया गया। हालांकि, कुछ हमले ऐसे भी रहे जो अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहे और उन्होंने सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया।
सैन्य अड्डा भी बना निशाना
एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कर्नल सऊद अल-अतवान ने बताया कि हाल के हमलों में कुवैती सशस्त्र बलों के एक अड्डे को भी निशाना बनाया गया। इस हमले में करीब 10 सैन्य कर्मी घायल हुए हैं और अड्डे को काफी नुकसान हुआ है।
क्यों बढ़ रहा है तनाव?
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजरायल के साथ जारी तनाव के चलते ईरान अब खाड़ी देशों के अहम ठिकानों को निशाना बना रहा है। कुवैत भी इसी कड़ी में प्रभावित देशों में शामिल हो गया है।