Unix UX-1519 NEOM Power Bank: मोबाइल एक्सेसरीज बनाने वाली प्रमुख भारतीय कंपनी यूनिक्स (Unix) ने बाजार में अपना नया और अनोखा पावर बैंक UX-1519 NEOM लॉन्च किया है। यह डिवाइस न केवल अपनी दमदार पावर क्षमता के लिए, बल्कि अपने खास रेट्रो-इंडस्ट्रियल लुक के लिए भी चर्चा में है। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कंपनी ने इस 10,000 mAh क्षमता वाले पोर्टेबल चार्जर से पर्दा उठाया।
अनोखा डिजाइन और कॉम्पैक्ट साइज
यूनिक्स का यह नया पावर बैंक उन यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो स्टाइल और परफॉर्मेंस दोनों चाहते हैं। इसका डिजाइन पुराने समय के पावर जेनरेटर से प्रेरित है, जो इसे एक रस्टिक और इंडस्ट्रियल लुक देता है। आकार की बात करें तो यह मात्र 7.5 सेमी लंबा और 6.5 सेमी चौड़ा है, जो आसानी से आपकी जेब में समा सकता है। इसमें एक डिजिटल डिस्प्ले दिया गया है जो बैटरी लेवल की सटीक जानकारी देता है।
इनबिल्ट केबल और फास्ट चार्जिंग की सुविधा
इस पावर बैंक की सबसे बड़ी खासियत इसका इनबिल्ट टाइप-सी आउटपुट केबल है। यह केबल चार्जिंग के काम तो आता ही है, साथ ही इसे मोड़ने पर यह एक कैरी लूप (पकड़ने वाला छल्ला) बन जाता है, जिससे इसे ले जाना बेहद आसान हो जाता है। तकनीक के मामले में यह 22.5W PD फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। इसमें टाइप-सी इनपुट और आउटपुट की सुविधा दी गई है, जो स्मार्टफोन और अन्य डिवाइस को तेजी से चार्ज करने में सक्षम है।
Unix NEOM Power Bank: कीमत और उपलब्धता
कंपनी ने Unix UX-1519 NEOM पावर बैंक की कीमत 1999 रुपये तय की है। लॉन्च के दौरान यूनिक्स के संस्थापक और सीईओ इमरान कागलवाला ने कहा कि उनका उद्देश्य एक ऐसा पावर बैंक बनाना था जो छोटा होने के बावजूद पावर और चार्जिंग स्पीड में कोई समझौता न करे। यह डिवाइस कंपनी की 'मेड इन इंडिया' रणनीति का हिस्सा है।