लखनऊ: लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 46 अरब 92 करोड़ 71 लाख 23 हजार रुपये का भारी-भरकम बजट पास कर दिया गया है। महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। खास बात यह है कि इस बजट में जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है, बल्कि बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।
सभी 110 वार्डों में बनेंगे मॉडल वेंडिंग जोन
शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए सभी 110 वार्डों में मॉडल वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। इसके लिए बजट को 10 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये कर दिया गया है। 30 मार्च तक जमीनें चिह्नित कर ली जाएंगी और अप्रैल में टेंडर जारी कर तीन महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के पास वेंडिंग जोन का किराया 5 हजार से घटाकर 3 हजार रुपये कर दिया गया है।
सीवर और पानी की सुविधाओं के लिए 487 करोड़
नगर निगम और जलकल विभाग मिलकर सीवर और पानी से जुड़े कार्यों पर 487 करोड़ रुपये खर्च करेंगे। पानी की पाइपलाइन में लीकेज ठीक करने और क्षतिग्रस्त लाइनों को बदलने के लिए 13 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान है। महापौर ने निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम समय पर पूरा किया जाए ताकि दोबारा खुदाई की नौबत न आए।
कूड़ा निस्तारण और सफाई व्यवस्था पर 300 करोड़
शहर की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 300 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से होने वाली सफाई के लिए 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं। छोटे और बड़े नालों की सफाई के लिए क्रमशः 15 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए हाईटेक सुविधाएं
नगर निगम के 8 स्कूलों का आधुनिकीकरण किया जाएगा, जिसमें स्मार्ट क्लास, आधुनिक फर्नीचर और स्वच्छ शौचालय की सुविधाएं दी जाएंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक पुस्तकालय बनाया जाएगा, जहाँ ई-लर्निंग की सुविधा होगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री वैश्विक योजना के तहत शहर में 40 नए आंगनबाड़ी केंद्र भी बनाए जाएंगे।
हाउस टैक्स और यूजर चार्ज में भारी छूट
जनता को राहत देते हुए महापौर ने घोषणा की है कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं, ऑफलाइन भुगतान पर 8 प्रतिशत की छूट देय होगी। जो लोग एकमुश्त यूजर चार्ज जमा करेंगे, उन्हें भी 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट का लाभ दिया जाएगा।
बजट के अन्य महत्वपूर्ण बिंदु:-
- अवस्थापना निधि: सड़कों और अन्य विकास कार्यों के लिए 180 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- पार्क सौंदर्यकरण: पार्कों के रखरखाव और रंगाई-पुताई के लिए 42 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
- स्ट्रीट लाइट: नए पोल और लाइटों की खरीद व मरम्मत पर कुल 13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
- शमशान घाट: शमशान घाटों के जीर्णोद्धार और दीवारों के निर्माण का बजट 1 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
- यातायात सुधार: जेबरा क्रॉसिंग और संकेतक बनाने के लिए 3 करोड़ रुपये खर्च होंगे।