Logo
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के संकल्प के साथ सिंगापुर दौरे हैं, जहां वे दुनिया की 25 सबसे बड़ी कंपनियों के सीईओ के साथ सीधे संवाद करेंगे।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा 'इनवेस्ट यूपी' अभियान को वैश्विक पटल पर नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सिंगापुर पहुंचते ही सीएम योगी ने दुनिया की नामी कंपनियों के सीईओ और बड़े निवेशकों के साथ बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को आश्वस्त किया है कि उत्तर प्रदेश आज देश में निवेश के लिए सबसे सुरक्षित और सुलभ प्रदेश बन चुका है।

​इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर के क्षेत्र में बड़े निवेश की तैयारी

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान सिंगापुर की प्रमुख कंपनी जीआईसी (GIC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिम चाउ कियाट और उनकी टीम से विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में उत्तर प्रदेश में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स हब, इंडस्ट्रियल पार्क और टिकाऊ शहरी विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर मंथन किया गया।

इसके अलावा, टेमासेक के चेयरमैन तेओ ची हीन के साथ हुई बैठक में डेटा सेंटर, नवीकरणीय ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे में निवेश के नए अवसरों पर सहमति बनी है।

​वित्तीय सहयोग और प्रोजेक्ट फंडिंग के लिए डीबीएस ग्रुप से हाथ मिलाया

​निवेश की राह को आसान बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने डीबीएस (DBS) ग्रुप की चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर तान सु शान और उनकी टीम के साथ भी एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में प्रोजेक्ट्स की फंडिंग को सरल बनाना और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए वित्तीय सहयोग को बढ़ाना है। योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि यूपी की विकास यात्रा में अंतरराष्ट्रीय बैंकों और वित्तीय संस्थाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

​टोक्यो में भव्य स्वागत की तैयारी

​सिंगापुर के दौरे के तुरंत बाद मुख्यमंत्री 25 फरवरी को जापान की राजधानी टोक्यो पहुँचेंगे। उनके पहुँचने से पहले ही टोक्यो की सड़कों पर 'भगवा' झंडे लहराते नजर आ रहे हैं और प्रवासी भारतीय 'जय श्री राम' तथा 'भारत माता की जय' के नारों के साथ उनके स्वागत के लिए बेताब हैं। वहां मौजूद भारतीय समुदाय का कहना है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा भारत-जापान के सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को एक नई दिशा देगा। टोक्यो की सड़कों और मंदिरों में योगी आदित्यनाथ के भव्य स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

​जर्मनी मिशन पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य: यूरोपीय निवेशकों को लुभाने की कवायद

​मुख्यमंत्री जहाँ पूर्व के देशों में निवेश जुटा रहे हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल रविवार शाम जर्मनी के फ्रैंकफर्ट पहुँच गया है। मौर्य के साथ आईटी मंत्री सुनील शर्मा और योजना विभाग के आला अधिकारी भी इस मिशन का हिस्सा हैं।

जर्मनी पहुंचते ही भारतीय काउंसिल जनरल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। केशव मौर्य ने कहा कि यह यात्रा यूरोपीय निवेशकों और प्रमुख हितधारकों के साथ सार्थक संवाद स्थापित कर यूपी में बड़ा निवेश लाने की दिशा में एक मिल का पत्थर साबित होगी।

5379487