पंजाब के जालंधर जिले के रामा मंडी स्थित एपीजे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन को एक थ्रेट ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें आतंकी संगठनों का नाम लेकर धमकी दी गई। हालांकि यह ईमेल वास्तव में किसी आतंकी संगठन से जुड़ा है या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
तुरंत खाली कराया गया परिसर
सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियातन सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उस समय फाइनल परीक्षाएं चल रही थीं, जिससे अभिभावकों और शिक्षकों में भी चिंता का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में जुटी
पंजाब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ते द्वारा स्कूल भवन और आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई है।
अन्य स्कूलों को भी ईमेल?
बताया जा रहा है कि एपीजे स्कूल के अलावा जिले के कुछ अन्य स्कूलों को भी इसी तरह की धमकी भरी ईमेल मिली है। हालांकि, अन्य संस्थानों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अभिभावकों से अपील
प्रशासन ने अभिभावकों से शांत रहने और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की है। फिलहाल बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।










