मध्यप्रदेश। विक्रमोत्सव-2026 के अवसर पर उज्जैन में बनी विक्रमादित्य वैदिक घड़ी अब काशी में भी दिखाई देगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव बाबा विश्वनाथ को यह घड़ी अर्पित करेंगे। भारतीय काल गणना पर आधारित विश्व की पहली विक्रमादित्य वैदिक घड़ी की स्थापना उज्जैन में की गयी है। इस घड़ी को वैदिक काल गणना के समस्त घटकों को समवेत कर बनाया गया है। यह घड़ी सूर्योदय से परिचालित है। जिस स्थान पर जो सूर्योदय का समय होगा उस स्थान की काल गणना तदनुसार होगी। स्टैण्डर्ड टाइम भी उसी से जुड़ा रहेगा।
सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का भव्य मंचन
विक्रमोत्सव के तहत उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य के सुशासन और न्यायप्रियता को जन-जन तक पहुँचाने के लिए शुक्रवार 3 अप्रैल को वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का भव्य मंचन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य आतिथ्य में तीन दिवसीय सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का शुभारंभ होगा।
महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के माध्यम से वाराणसी के बीएलडब्ल्यू. मैदान में आयोजित होने वाले इस महानाट्य की परिकल्पना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की है। पद्मश्री डॉ. भगवतीलाल राजपुरोहित द्वारा रचित और राजेश कुशवाहा द्वारा निर्मित और संजीव मालवी के निर्देशन में प्रस्तुत महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य भारत की सांस्कृतिक चेतना को जगाने वाला अनुभव है। इसमें 200 से ज्यादा कलाकार हाथी, घोड़े, रथ, पालकियां, भव्य युद्ध, लाइट शो, आतिशबाजी नृत्य और बाबा महाकाल की भस्म आरती की दिव्य झलकियां शामिल है। महान सम्राट विक्रमादित्य के जन्म से राजतिलक तक की गाथा, विक्रम बेताल की कथा और सनातन धर्म के उत्थान की महाकाव्य कथा इस महानाट्य में जीवंत होती है।
विक्रमादित्य वैदिक घड़ी की विशेषताएं
- इसमें समय का वैज्ञानिक और सटीक विभाजन किया गया है।
- इसमें एक दिन में 30 मुहूर्त हैं।
- दो सूर्योदय के बीच 30 मुहूर्त (घंटे) 30 काल (मिनट) और 30 काष्ठा (सेकंड) है।
वैदिक घड़ी में समय विभाजन तालिका (सूर्योदय से अगले सूर्योदय तक)
- मुहूर्त : एक दिन में 30 मुहूर्त होते हैं, जिनकी अवधि लगभग 48 मिनट होती है।
- कला : एक दिन में 900 कला होती हैं (30×30), जिनकी अवधि लगभग 96 सेकंड होती है।
- काष्ठा : एक दिन में 27,000 काष्ठा होती हैं (30×30×30), जिनकी अवधि लगभग 3.2 सेकंड होती है।
विक्रमादित्य वैदिक घड़ी ऐप की विशेषताएं
- वैदिक घड़ी - 30 घंटे की वास्तविक वैदिक समय प्रणाली
- पंचांग और विक्रम संवत कैलेंडर - 5800 वर्षों के लिए उपलब्ध
- मुहूर्त अलार्म - हर मुहूर्त के शुभ-अशुभ संकेत और अलार्म सेटिंग
- स्थान और मौसम - आपके शहर का लाइव तापमान, हवा, आर्द्रता
- 180+ भाषाओं में उपलब्ध
(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)