haribhoomi hindi news
शिवपुरी में ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन से टकराई, करंट फैलने से मां-बेटे की मौत। दो लोग गंभीर रूप से झुलसे, इलाके में हड़कंप।

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार भूसा ले जा रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली की बिजली की हाईटेंशन लाइन से टक्कर हो गई। इसके चलते मौके पर सात साल के बच्चे और उसकी मां की जिंदा जलकर मौत हो गई। एक महिला और पुरुष भी इसकी चपेट में आए हैं।

मामला कोलारस थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, यह परिवार राजस्थान के खलेड़ी गांव का रहने वाला है। हर साल यहां भूसा खरीदने आता है। ये लोग खेतों में डेरा डालकर गांव-गांव घूमते हैं और भूसा इकठ्ठा करते हैं। इस भूसे को बेचकर ये लोग पैसे कमाते हैं। शुक्रवार सुबह बंजारा डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा खरीदने निकले थे। इसी दौरान ट्रॉली में लगा लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इसके कारण करंट फ़ैल गया।

दो लोगों की हालत नाजुक
हादसे के समय ट्रैक्टर पर विनोद बंजारा, लीला बाई, केसर बाई और सात साल का अनिल सवार था। करंट के कारण लीला बाई की साड़ी में आग लग गई और इसकी चपेट में आकर सात साल के बच्चे की भी मौत हो गई। विनोद और केसर को करंट के झटके लगे तो वे दूर जाकर गिरे। दोनों की हालत नाजुक है।

बंजारा बस्ती के लोगों ने लीला बाई की लाश को छोड़कर बच्चे, विनोद और केसर को अस्पताल में भर्ती किया। डॉक्टर्स ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया लेकिन दोनों का इलाज चल रहा है।

कैसे हुआ हादसा
दरअसल घटनास्थल पर हाईटेंशन लाइन की तारें नीचे लटक रहीं थीं वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरने के लिए दस-दस फीट लोहे के पाइप भी लगाए गए थे। इन्हीं लापरवाहियों के कारण मासूम बच्चे और उसकी मां की जान चली गई।

(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7