MP आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 2024 में फर्जीवाड़ा उजागर। रतलाम केंद्र के 12 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द, FIR दर्ज।

मध्यप्रदेश। आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 2024 (MP Excise Constable Recruitment Exam) में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केवल एक परीक्षा केंद्र - 'रतलाम पब्लिक स्कूल' से परीक्षा देने वाले 12 उम्मीदवारों ने 90% से अधिक प्राप्तांक हासिल किए। सभी उम्मीदवारों ने 100 सवाल हल करने में सिर्फ आधा घंटा लगाया और बाकी समय आराम से बैठे रहे। जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया जिसमें एक व्यक्ति इन अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से मदद करता दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि, सभी 12 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी निरस्त कर दी गई है। मंडल ने इन सभी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार, 'रतलाम पब्लिक स्कूल' को पहली बार परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

टॉपर्स की जांच में हुआ खुलासा
मंडल ने 5 फरवरी को आबकारी आरक्षक भर्ती का रिजल्ट जारी किया। इसके पहले मंडल द्वारा हाई परसेंट वाले अभ्यर्थियों की जांच की गई। यह सामने आया कि, यह अभ्यर्थी पहले पुलिस भर्ती जैसी परीक्षाओं में शामिल हुए थे लेकिन तब उनके नंबर 30 - 50 से ज्यादा नहीं थे। अचानक आबकारी परीक्षा में इन अभ्यर्थियों द्वारा 100 परसेंट लाना बहुत संदेहास्पद था।

संगठित गिरोह की भूमिका
गौरतलब है कि, 12 अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र भले ही एक था लेकिन समय अलग-अलग था। एक ही व्यक्ति ने इनकी अलग-अलग समय में मदद की है। पूरे मामले में एक संगठित गिरोह की भूमिका नजर आती है। अभ्यर्थियों ने बिना किसी पेपर वर्क के सभी सवाल सॉल्व किए। 

केस डायरी रतलाम ट्रांसफर
मंडल के प्रिंसिपल सिस्टम एनालिस्ट प्रणीत सिजरिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए आवेदन किया था। घटनास्थल रतलाम है इसलिए केस डायरी रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने भेज दी गई है।