इंदौर। स्थानीय खुडैल क्षेत्र में स्थित मुहाड़ी फॉल पर दोस्तों के साथ घूमने गया एक युवक रविवार को हादसे का शिकार हो गया। पिकनिक के दौरान पानी में उतरते समय वह गहरे हिस्से में चला गया और डूबने से उसकी जान चली गई। अंधेरा हो जाने की वजह से रात में रेस्क्यू अभियान नहीं चलाया जा सका, जिसके चलते शव को अगले दिन सुबह बाहर निकाला गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय सूरज कुशवाह अपने मित्रों के साथ मुहाड़ी फॉल घूमने पहुंचा था। वहां मौजूद कुंड में सभी नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान सूरज अचानक गहराई की ओर बढ़ गया और संतुलन खो बैठा।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हादसा माना
पानी की अधिक गहराई के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस लिए तलाश अभियान आगे नहीं बढ़ सका। अगली सुबह ग्रामीणों की सहायता से पानी में खोजबीन की गई और युवक का शव बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। सूरज मूल रूप से मुरैना जिले का रहने वाला था।
मुहाड़ी फॉल में कई जगह गहरा है पानी
वह इंदौर में किराए के घर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह सेज विवि में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि सूरज तीन भाइयों में मंझला था और उसके सबसे छोटे भाई का पहले ही निधन हो चुका है।
इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुहाड़ी फॉल में कई स्थानों पर पानी काफी गहरा है और वहां चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं। अक्सर युवा बिना सावधानी बरते पानी में उतर जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो जाते हैं।