- सीए वाधवानी उपाध्यक्ष, सीए मेघा जैन कोषाध्यक्ष और सीए टांटेड CICASA अध्यक्ष बने।
- सीए धनुका, सीए स्वर्णिम गुप्ता, सीए सर्वज्ञ जैन और सीए निधि बांग कार्यकारिणी सदस्य बने।
इंदौर। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउन्टेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की इंदौर शाखा में वर्ष 2026-27 के लिए प्रबंध समिति का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है। चुनाव परिणामों के अनुसार सीए समकित भंडारी को इंदौर शाखा का अध्यक्ष चुना गया, जबकि सीए नारायण सोमानी को सचिव पद की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा सीए मिलिंद वाधवानी को उपाध्यक्ष, सीए मेघा जैन को कोषाध्यक्ष और सीए लविश टांटेड को छात्र संगठन CICASA का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है।
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ चुनाव
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सीए रजत धनुका, सीए स्वर्णिम गुप्ता, सीए सर्वज्ञ जैन और सीए निधि बांग को भी चुना गया। इस नई टीम के चयन से शाखा में नई ऊर्जा और नेतृत्व की उम्मीदें जगी हैं। चुनाव बेहद शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। इस दौरान शाखा के पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठ सदस्यों तथा उनके परिजनों की उपस्थिति ने माहौल को बेहद गरिमामय बना दिया। सभी वरिष्ठ सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने कार्यकाल में संस्था की प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
नई कार्यकारिणी ने बताई प्राथमिकताएं
उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी पेशेवर उत्कृष्टता, पारदर्शिता और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान देगी। नवनिर्वाचित टीम ने अपने संबोधन में कहा कि वे आईसीएआई की गरिमा, सिद्धांतों और उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करेंगे। उनका मुख्य लक्ष्य सदस्यों के पेशेवर विकास को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा शाखा की गतिविधियों को और प्रभावी बनाना रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन की परंपराओं और मूल्यों को बनाए रखते हुए नवाचार और प्रगति की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।