ग्वालियर। शहर के नाका चंद्रवदनी क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक टेंट गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। यह गोदाम हीरा भूमिया मंदिर के पास स्थित है। यह गोदाम टेंट व्यवसायी अवधेश सिंह यादव का बताया जाता है। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं, जो दूर सड़क से साफ दिखाई दे रही थीं।
7 दमकलों ने 4 घंटों में बुझाई आग
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सात दमकल वाहनों ने करीब चार घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। संकरी गली होने के कारण दमकलों को गोदाम तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग इतनी तेज थी कि केवल ऊपर से पानी डालना पर्याप्त नहीं था, इसलिए दीवार तोड़कर अंदर से पानी डाला गया। टेंट का कपड़ा और सजावट में इस्तेमाल होने वाले तारों के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। आखिरकार सुबह लगभग 7 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।
आधी रात रिहायशी क्षेत्र में मचा हड़कंप
यह गोदाम घनी आबादी वाले इलाके में था। आग लगने के बाद पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हिरायशी इलाका होने की वजह से यहां बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। यदि आग पास के मकानों तक फैल जाती तो बड़ा संकट पैदा हो जाता। लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता ने आग को अन्य इमारतों तक पहुंचने से रोक दिया।
आगजनी में लाखों का नुकसान, जांच शुरू
गोदाम मालिक के अनुसार आग लगने की इस घटना में टेंट, सजावट का सामान, सीजन के लिए खरीदी गई सामग्री, एक लोडिंग वाहन और बाइक समेत करीब 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती अनुमान के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। लेकिन गोदाम में आग लगने का वास्तविक कारण और इसमें होने वाले संभावित नुकसान के बारे में अंतिम रूप से पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।









