Dindori News: मध्यप्रदेश। डिंडोरी में मां काली की प्रतिमा विसर्जन के समय अफवाह के चलते अचानक तनाव की स्थित बन गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि, पुलिस को बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किसी ने जुलूस पर अंडे फेंकने की अफवाह उड़ा दी थी। इसके कारण लोग भड़क गए।
अंडे देख लोग हुए आक्रोशित
जानकारी के अनुसार शनिवार रात मां काली की प्रतिमा का विसर्जन होना था। जुलूस अस्पताल कॉलोनी क्षेत्र से होते हुए निकला तो कुछ दूरी पर फूटे हुए अंडे दिखे। इसे देखकर लोग आक्रोशित हो गए। स्थिति कितनी खराब हो गई थी इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, लोग मस्जिद मोहल्ले की ओर बढ़ने लगे थे।
एसडीएम और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे
रात 11 से 12 बजे के बीच यहां लोगों की काफी भीड़ इकठ्ठा थी। पुलिस ने मोर्चा संभाला, एसडीएम राम बाबू देवांगन और एसडीओपी सतीश द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पहले चेतावनी दी गई। जब भीड़ आगे बढ़ने लगी तो पुलिस ने बल का प्रयोग किया। इसके बाद लोग तितर - बितर हो गए। मामला शांत होने पर पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की।
सीसीटीवी कैमरे फुटेज से होगी आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। किसी तरह की बड़ी घटना नहीं हुई है। अफवाह किसने फैलाई इसे लेकर जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से उपद्रवियों की पहचान भी की जाएगी। सड़क पर अंडे किसने फेंके इस बात की भी जांच की जा रही है।









