भोपाल के ईदगाह हिल्स स्थित जज कॉलोनी में नगर निगम ने अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी से दीवारें और ढांचे गिरा दिए। सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए जा रहे कमरों और किचन को हटाया गया।

भोपाल। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। ईदगाह हिल्स क्षेत्र की जज कॉलोनी में सरकारी भूमि पर किए जा रहे अनधिकृत निर्माण को प्रशासन ने बुधवार को ध्वस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा खाली पड़ी जमीन पर कमरे और रसोई का निर्माण कराया जा रहा था, जिसकी उनके पास कोई वैध अनुमति नहीं थी। शिकायत मिलने के बाद निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से निर्माणाधीन दीवारों को गिरा दिया।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाल के समय में इस इलाके में भूमाफिया की गतिविधियों की चर्चा भी सामने आई थी, जिसके चलते निगरानी बढ़ाई गई थी। प्रशासन का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो अवैध निर्माण स्थायी रूप ले सकता था। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर यह अभियान केवल जज कॉलोनी तक सीमित नहीं रहा। 

नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने शहर के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई। इस दौरान अमले ने सड़कों और फुटपाथों पर फैले अवैध कब्जों, अस्थायी ढांचों और बिना अनुमति लगाए गए बोर्ड तथा होर्डिंग्स को हटा दिया। कई स्थानों से सर्विस रोड पर खड़े अनुपयोगी वाहनों को भी हटाया गया ताकि यातायात बाधित न हो। प्रशासन ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अतिक्रमण करने वालों की सूचना निगम को दें, ताकि उनके विरुद्ध समय पर कार्रवाई की जा सके।