एक निजी अस्पताल में युवक की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। अस्पताल में तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव की घटना में कई जवान घायल हुए।

भोपाल। स्थानीय पटेल नगर क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में एक युवक की मौत के बाद स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। युवक की उपचार के दौरान मृत्यु होने पर उसके परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ शुरू हो गई। हालात तब और बिगड़ गए जब मौके पर पहुंची पुलिस को भी गुस्साई भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा। उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें कई जवान घायल हो गए हैं। 

पथराव में पुलिस के कई जवान घायल
अस्पताल प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे एक जवान को सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य पुलिसकर्मी भी सामान्य रूप से घायल हुए हैं। बताया जाता है कि मृतक युवक पेट से जुड़ी किसी गंभीर समस्या से पीड़ित था और कुछ दिन पहले बेहोश होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है, लेकिन परिजन इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं थे। 

परिजन बोले-सही इलाज न मिलने से मौत
परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण ही युवक की जान गई। जब परिजनों ने संबंधित डॉक्टर से मिलने की मांग की तो उन्हें बताया गया कि डॉक्टर उस समय अस्पताल में मौजूद नहीं हैं। इस बात ने पहले से आक्रोशित परिवारजनों के गुस्से को और भड़का दिया। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और माहौल उग्र हो गया। इसके बाद लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अस्पताल स्टाफ ने स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को सूचित किया। 

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर समझाइश देकर मामला शांत कराने की कोशिश की और परिजनों से कानूनी प्रक्रिया अपनाने की अपील की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जिसकी वजह से टकराव की स्थिति पैदा हो गई। परिजन की मौत से नाराज प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें कई जवान घायल हो गए। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले गए। एहतियातन अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।