Logo
रंगों के पर्व होली पर जहां पूरा देश उत्साह में डूबा दिखा, वहीं विंध्य अंचल में भी खास रौनक देखने को मिली। राजेंद्र शुक्ल के निवास पर पारंपरिक रंग-रौनक और सांस्कृतिक उल्लास के साथ होली मनाई गई।

रंगों के पर्व होली पर जहां पूरा देश उत्साह में डूबा दिखा, वहीं विंध्य अंचल में भी खास रौनक देखने को मिली। राजेंद्र शुक्ल के निवास पर पारंपरिक रंग-रौनक और सांस्कृतिक उल्लास के साथ होली मनाई गई। सुबह से ही कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों की भीड़ उनके आवास पर उमड़ने लगी थी।

फाग गीतों और ढोल-नगाड़ों से सजा माहौल
निवास परिसर में प्रवेश करते ही अबीर-गुलाल की खुशबू और फाग गीतों की गूंज ने सभी का स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची फाग मंडली ने नगरिया और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ रंगोत्सव की शुरुआत की। समर्थकों ने गुलाल उड़ाकर माहौल को और भी जीवंत बना दिया। पूरा परिसर रंगों, संगीत और उत्साह से सराबोर नजर आया।

उपमुख्यमंत्री ने लगाया तिलक, दी शुभकामनाएं
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सभी आगंतुकों को तिलक लगाकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान वे स्वयं भी रंगों में रंगे नजर आए। उन्होंने ढोल-नगाड़ों की थाप पर फाग गायन किया और नगरिया बजाकर लोकधुनों का आनंद लिया। “होली है” के जयकारों के बीच पारंपरिक फाग गीतों ने माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में ढाल दिया।

समाज को जोड़ने वाला पर्व
मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे पर्व समाज को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को शांति, सौहार्द और खुशहाली की शुभकामनाएं दीं और सुरक्षित एवं मर्यादित तरीके से होली मनाने की अपील की।

लोक-संस्कृति की झलक बनी खास आकर्षण
हर वर्ष की तरह इस बार भी उपमुख्यमंत्री के निवास पर लोक-संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। फाग गीतों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और नगरिया की संगत ने आयोजन को यादगार बना दिया। रंग, संगीत और उत्साह के इस संगम ने विंध्य की सांस्कृतिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

5379487