लगभग 14 महीने की लंबी प्रक्रिया और आंतरिक विवादों के बाद भोपाल भाजपा की नई 25 सदस्यीय जिला टीम घोषित कर दी गई है। भाजपा की नई टीम में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। जबकि कई अहम पद खाली रखे गए हैं।  

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भोपाल जिला इकाई की नई 25 सदस्यीय टीम लगभग14 माह के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार घोषित कर दी गई। यह सूची देर रात जारी हुई और खास बात यह रही कि इसमें उन सभी नामों को हटा दिया गया है, जिन पर पहले मंत्री और विधायकों ने आपत्ति जताई थी। इस घटनाक्रम से साफ संकेत मिलता है कि संगठन ने आंतरिक असंतोष को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक नई टीम का गठन किया है। लंबे इंतजार के बाद घोषित इस टीम से अब उम्मीद की जा रही है कि भोपाल भाजपा संगठनात्मक रूप से अधिक सक्रिय और एकजुट नजर आएगा।

कुछ समय पहले भी घोषित की गई जिला टीम  
दरअसल, कुछ समय पहले भी भोपाल जिला टीम की घोषणा की गई थी, लेकिन वह सूची विवादों में घिर गई और उसे तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया था। उस समय पार्षदों और एमआईसी (मेयर-इन-काउंसिल) सदस्यों को शामिल किए जाने पर विरोध हुआ था। कई जनप्रतिनिधियों का मानना था कि संगठनात्मक जिम्मेदारियां और निर्वाचित पदों की भूमिकाएं अलग-अलग रहनी चाहिए। इस बार जारी सूची में ऐसे सभी नामों को बाहर रखा गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पार्टी नेतृत्व ने पहले हुए विवादों से सबक लिया है। 

नई 25 सदस्यीय टीम में अधिकांश चेहरे नए 
नई 25 सदस्यीय टीम में अधिकांश चेहरे नए हैं। संगठन ने पहले घोषित किए गए तीनों महामंत्रियों के नाम भी हटा दिए हैं। इसके साथ ही एक महामंत्री और एक मंत्री का पद फिलहाल रिक्त रखा गया है, जिससे संकेत मिलता है कि भविष्य में संगठनात्मक संतुलन या समीकरण के आधार पर इन पदों पर नियुक्ति की जा सकती है। घोषित टीम में राम बंसल, भाषित दीक्षित, राजकुमार विश्वकर्मा, भीकम सिंह बघेल, अमन यादव, अभय पंडित, विनय ददनानी और गुंजन चौकसे को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। 

प्रदीप शेखावत और मुकेश राय महामंत्री बने
प्रदीप शेखावत और मुकेश राय को महामंत्री बनाया गया है। मंत्री पद पर राकेश कुकरेजा, जितेंद्र अहिरवार, सरिता पिपलोदे, उत्कर्ष नायक, योगेश वासवानी, धर्मेंद्र अहिरवार और संतोष हिरवे को शामिल किया गया है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी राघवेंद्र द्विवेदी को दी गई है, जबकि सह-कोषाध्यक्ष के रूप में आशा पारोचे को नियुक्त किया गया है। डॉ. योगेंद्र मुखरैया को कार्यालय मंत्री और मुकुल लोखंडे को कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। सुमित पांडे को ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। आईटी विभाग की कमान विश्वविजय सिंह को सौंपी गई है और सोशल मीडिया का दायित्व विभा गरुड़ को दिया गया है।