Logo
भोपाल के बैरागढ़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से नर्सिंग छात्र आकाश दीप की मौत हो गई। हादसा चंचल चौराहे के पास देर रात हुआ। आरोपी चालक मौके से फरार है, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Bhopal News : भोपाल। स्थानीय बैरागढ़ थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक नर्सिंग छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया है। यह दुर्घटना शुक्रवार-शनिवार रात चंचल चौराहे के पास हुई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और इसके बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान आकाश दीप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले का निवासी था। 

रात चाय पीकर लौट रहा था घर
आकाश दीप भोपाल के ग्राम भैंसाखेड़ी में किराए के मकान में रहकर एक निजी कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। घटना के समय वह अपने दोस्त के साथ नादरा बस स्टैंड के पास चाय पीने के बाद रात करीब पौने एक बजे वापस भैंसाखेड़ी की ओर लौट रहा था। जैसे ही वे चंचल चौराहे के पास कट प्वाइंट से आगे बढ़े, सामने से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को तेज टक्कर मार दी।

आकाश की मौके पर ही हो गई मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद कार चालक अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत एंबुलेंस को बुलाया और दोनों घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश दीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोस्त को प्राथमिक के बाद छुट्टी दे दी।

कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस 
परिवार को इस घटना ने गहरा सदमा दिया है। परिजन अस्पताल की मर्चुरी के बाहर शोक में बैठे नजर आए। उन्होंने कहा कि वह एक होनहार छात्र था। उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। उसके साथियों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार कार चालक की पहचान की जा सके।  

5379487