हरियाणा के गोहाना में पार्क में बैठे युवक पर शराब की बोतल तोड़कर जानलेवा हमला किया गया। आरोपी ने युवक की पीठ में बोतल का कांच घोंप दिया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

गोहाना/सोनीपत: शहर में पार्क में बैठे युवकों के पास उनकी कालोनी का एक अन्य युवक आया, जिसने शराब पी रखी थी। युवक के माता-पिता उसे तलाश करते हुए पार्क पहुंच गए और आवाज लगाने पर वह छुप गया। बाद में शराबी युवक ने एक युवक से कहा कि तुमने उसके बारे में उसके माता-पिता को क्यों बताया। उसने शराब की बोतल तोड़कर युवक की पीठ में घोंप दी। युवक को घायल अवस्था में हस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शहर थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दोस्तों के साथ बैठा हुआ था घायल

शिव नगर के शिवम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार शाम को खाना खाने के बाद पार्क में गया और वहां अपने दोस्तों के पास बैठ गया। उसी समय उनकी कालोनी का मोहित भी उनके पास पहुंच गया। उसने शराब पी रखी थी। मोहित के माता-पिता उसकी तलाश करते हुए पार्क में पहुंचे और दूर से आवाज लगाकर पूछा कि तुमने उसके बेटे को कहीं देखा है। मोहित इसके बाद छुप गया और उसके माता-पिता वापस चले गए। शिवम के अनुसार वह भी घर जाने लगा तो रास्ते में मोहित ने उसकी गर्दन पकड़ी और शराब की बोतल जमीन में मारकर तोड़ते हुए उसकी पीठ में घोंप दी। वह जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

घर में घुसकर परिवार पर हमला

गांव रिंढाणा के सोमवीर ने पुलिस को बताया कि उनके खेत के पड़ोसी बलबीर, नरेंद्र, रविंद्र व देवेंद्र के साथ उनका काफी समय से नहरी पानी को लेकर झगड़ा चल रहा है। इससे वे उनके परिवार से रंजिश रखते हैं। वह और उसके पिता राजकुमार, मां दर्शना व भाई रिंकू घर पर थे। उसके खेत के पड़ोसी धारदार हथियार व डंडे लेकर उनके घर में घुस गए और गाली देने लगे। आरोपितों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। वह अपने पिता राज कुमार व भाई को उपचार के लिए रोहतक के एक अस्पताल लेकर गया। सोमवीर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।