Logo
अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर जब रसोई से पत्नी कमरे में पहुंचीं तो ASI लहूलुहान मिले, उनकी कनपटी पर गोली लगी थी और बहुत खून बह रहा था।

हरियाणा के सोनीपत में पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) ने आत्महत्या कर ली। पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में जसबीर सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना के वक्त घर में उनकी पत्नी मौजूद थीं, जो उस समय रसोई में काम कर रही थीं। 

गोली की आवाज सुनकर पत्नी मौके पर दौड़ी 
मूल रूप से सोनीपत के सिटावली गांव के रहने वाले 45 वर्षीय जसबीर सिंह शनिवार रात करीब 12 बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौटे। घर आने के बाद पत्नी उनके लिए खाना तैयार करने किचन में चली गईं। इसी बीच अचानक कमरे से फायरिंग की आवाज आई। पत्नी जब दौड़कर कमरे में पहुंचीं तो जसबीर लहूलुहान मिले। उनकी कनपटी से बहुत खून बह रहा था। पत्नी ने चुन्नी से घाव को बांधकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन जसबीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जांच टीम को नहीं मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और एफएसएल (FSL) की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से सर्विस हथियार को जब्त कर लिया है। हालांकि, जांच टीम को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जिससे यह साफ नहीं हो सका है कि एएसआई ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस उसकी मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है ताकि मौत की गुत्थी सुलझ सके।

ट्रैफिक विंग में थे तैनात 
जसबीर सिंह पिछले दो साल से सोनीपत पुलिस लाइन में सेवा दे रहे थे। वर्तमान में वह ट्रैफिक विंग का हिस्सा थे। जसबीर की एक बेटी और एक बेटा है। एक साल पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी की थी, विवाह का कार्यक्रम पुलिस लाइन में ही हुआ था। उनका बेटा अतुल फिलहाल पढ़ाई के लिए विदेश में है।

बेटे की वापसी पर होगा अंतिम संस्कार 
पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जसबीर का बेटा फिलहाल विदेश में है, उसके भारत लौटने के बाद ही शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। बेटे के आने के बाद ही अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की जाएंगी। फिलहाल इस घटना से पुलिस महकमे और जसबीर के पैतृक गांव में मातम पसरा हुआ है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

5379487