हरियाणा के यमुनानगर में 21 वर्षीय युवक अपना 21वां जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था लेकिन उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजीव के रूप में हुई है, जिसका शव रेलवे पटरियों के पास सुनसान इलाके में मिला। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन इस हत्याकांड के तार मृतक की प्रेम कहानी और एक संदिग्ध त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
बर्थडे सेलिब्रेशन की जगह मिली मौत की खबर
शंकरपुरी कॉलोनी के रहने वाले राजीव के भाई हर्ष ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को राजीव यह कहकर घर से निकला था कि वह अपनी प्रेमिका स्नेहा के साथ जन्मदिन मनाने हरिद्वार जा रहा है। घर से निकलते वक्त वह उत्साहित था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। जब काफी समय तक संपर्क नहीं हुआ तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी। रविवार सुबह राजीव का शव बाड़ी माजरा क्षेत्र में रेलवे लाइन के समीप झाड़ियों में पड़ा मिला।
क्रूरता की हदें पार कीं
वारदात की जगह पर पुलिस को जो मंजर मिला, वह हत्यारों की क्रूरता को बयां कर रहा था। राजीव की हत्या केवल जान लेने के इरादे से नहीं, बल्कि उसे तड़पाने के इरादे से की गई प्रतीत होती है। पुलिस के अनुसार हत्यारों ने राजीव के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था और उसके होठों को फेविकोल से चिपका दिया था ताकि वह चिल्ला न सके। शव के पास से एक दुपट्टा और एक जूता भी बरामद हुआ है। गर्दन पर बने गहरे निशानों से प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि उसका गला घोंटा गया है।
दो-ढाई साल से स्नेहा नाम की युवती के साथ रिश्ते में था राजीव
जांच में सामने आया है कि राजीव पिछले करीब दो-ढाई साल से स्नेहा नाम की युवती के साथ रिश्ते में था। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि एक साल पहले राजीव ने अपनी छाती पर स्नेहा के नाम का टैटू भी गुदवा लिया था। हालांकि, इस कहानी में एक और पात्र 'अमित' का जिक्र आ रहा है। परिजनों का आरोप है कि स्नेहा का अमित नामक युवक के साथ भी पुराना संबंध था। पुलिस अब इस पहलू की जांच कर रही है कि क्या यह हत्या किसी रंजिश या ईर्ष्या का परिणाम है।
घर का इकलौता सहारा था राजीव
राजीव का जाना उसके परिवार के लिए एक बड़ा आर्थिक और भावनात्मक झटका है। पिता के निधन के बाद राजीव पिछले 8 सालों से एक डीजे की दुकान पर काम कर रहा था और अपनी मां ज्योति व भाई-बहनों का हाथ बंटा रहा था। तीन भाइयों और एक बहन के बीच राजीव दूसरे स्थान पर था। उसकी मां ने रोते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
यमुनानगर के सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। सीआईए की टीमें विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही हैं। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से स्पष्ट हो जाएगा कि मृत्यु का सटीक कारण क्या था और मुंह पर लगाया गया पदार्थ क्या है। पुलिस अब राजीव की गर्लफ्रेंड और उसके करीबियों से गहन पूछताछ करने की तैयारी में है ताकि सच सामने आ सके।