Logo
मंदिर कमेटी ने सफाई देते हुए बताया कि उस समय अचानक भीड़ बढ़ गई थी और कुछ युवक जबरन बैरिकेड्स फांदकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे।

हरियाणा के हिसार जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ बनभौरी माता मंदिर से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों (बाउंसरों) द्वारा श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।

महिलाओं और बुजुर्गों से बदसलूकी
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंदिर के प्रवेश द्वार पर तैनात बाउंसर श्रद्धालुओं को बेरहमी से खींचकर बाहर कर रहे हैं। इस धक्का-मुक्की में महिलाओं और बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब श्रद्धालुओं ने बाउंसरों की इस 'गुंडागर्दी' का विरोध किया, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी शांति बनाने के बजाय लाठियां फटकारनी शुरू कर दीं, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए।

मंदिर कमेटी की सफाई: 'दबंगों ने किया हंगामा'
मामले पर सफाई देते हुए मंदिर कमेटी के प्रमुख सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि यह वीडियो 23 मार्च की रात का है। उस समय अचानक भीड़ बढ़ गई थी और कुछ युवक जबरन बैरिकेड्स फांदकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात बाउंसरों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया था। उन्होंने बताया कि नवरात्र मेले के दौरान 50 से 60 निजी बाउंसर सुरक्षा के लिए हायर किए जाते हैं।

प्रशासन का पक्ष
बरवाला बीडीपीओ रोशन लाल ने स्पष्ट किया कि मंदिर की आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा अब पूरी तरह से मंदिर कमेटी के पास है। वहीं, बरवाला डीएसपी सुमित कुमार का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा सकती है।

400 साल पुराना है मंदिर का इतिहास
गांव बनभौरी में स्थित भ्रामरी माता मंदिर का इतिहास करीब 400 साल पुराना है। नवरात्र के दौरान यहां हरियाणा ही नहीं बल्कि राजस्थान और पंजाब से भी भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। साल में दो बार यहाँ विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें लाखों लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

7