हरियाणा के करनाल में पश्चिमी यमुना बाईपास पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहाँ एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। 

इस हादसे में लुधियाना के रहने वाले एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं। हैरानी की बात यह है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब दो दोस्त अपने तीसरे साथी को नहर में कूदने से बचाने के लिए भाग रहे थे।

नहर में कूद रहे दोस्त को बचाने दौड़े थे युवक

प्रत्यक्ष दर्शियों और पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों युवक पश्चिमी यमुना नहर के पास खड़े थे। तभी उनमें से एक युवक ने अचानक नहर में छलांग लगाने का प्रयास किया। उसे बचाने के लिए बाकी दोनों दोस्त उसके पीछे दौड़े, लेकिन जैसे ही वे सड़क पर आए, दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार बुलेरो ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे।

परिवार में छाया मातम 

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान राजन (निवासी शिव कॉलोनी) के रूप में हुई है। राजन मूल रूप से पंजाब के लुधियाना का रहने वाला था और करनाल में बिजली (इलेक्ट्रिशियन) का काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह घर से दूध लेने के लिए निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर आ गई। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

नशे में धुत था चालक

2.5 किमी दूर पकड़ा गया हादसे को अंजाम देने के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया था,जिसे पुलिस ने पीछा कर करीब ढाई किलोमीटर दूर दबोच लिया। आरोपी की पहचान मनजीत, निवासी कुरुक्षेत्र।

पुलिस ने बताया 'हिट एंड रन' मामला
 
आरोपी चालक नशे में धुत था। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एचसी सुरेश और एचसी प्रदीप कुमार ने बताया कि यह 'हिट एंड रन' का मामला है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है।घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।