हरियाणा के करनाल जिले के असंध क्षेत्र में होली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 

हरियाणा में जबाला गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में उपलाना निवासी 25 वर्षीय सागर शामिल है, जो अपने परिवार का इकलौता चिराग था।

रॉन्ग साइड से आ रही बाइक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बुधवार होली की रात सागर अपनी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जबाला गांव के पास सामने से रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून पसर गया।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने सागर को असंध के सरकारी अस्पताल पहुँचाया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे करनाल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही सागर की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों में से भी एक की मौत हो गई है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है।

7 बहनों का भाई था सागर
सागर की मौत की खबर मिलते ही गांव उपलाना में मातम छा गया। परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि सागर 7 बहनों का इकलौता भाई था। सागर शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बेटी भी है। उसे उसके चाचा (भाई) ने गोद लिया हुआ था। एक झटके में पूरे परिवार की उम्मीदें उजड़ गईं।

पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लिया। गुरुवार को करनाल के मोर्चरी हाउस में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने रॉन्ग साइड से आने वाली बाइक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।